मंदसौर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 7 मई को की गई कार्रवाई में आरोपी इमरान उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग और 500 ग्राम अफीम जब्त की गई थी। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी इमरान का सात दिन का रिमांड लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। इसके बाद महावीर चौहान निवासी शनि विहार कॉलोनी, सादिक गढ़वी निवासी नरसिंहपुरा तथा सलमान शाह निवासी श्रृंगार गली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी शाकिर उर्फ चेला पुत्र शब्बीर उर्फ बाबू खां मेवाती निवासी मदारपुरा चांदनी चौक मंदसौर को भी गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित शाकिर उर्फ चेला के विरुद्ध पहले से करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

