कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए आवेदन पोर्टल खोला
- DSS Admin
- May 18, 2026
नैनीताल, 18 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पोर्टल खोल दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार केयू101 से केयू350 तक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया 19 मई से 30 मई 2026 तक संचालित रहेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा आवेदन पत्र भरकर शुल्क जमा करने को कहा है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर पाता है तो वह 5 जून 2026 तक 50 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जारी सूची के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, बीबीए, बीसीए, बीपीईएस, बीजेएमसी, फैशन डिजाइनिंग, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फॉरेंसिक साइंस, योगिक साइंस सहित अनेक पाठ्यक्रमों को द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा के लिए पोर्टल पर सक्रिय किया गया है।

