विधायक प्रशिक्षण शिविर से कुणाल घोष का वॉकआउट, स्पीकरों पर गंभीर आरोप
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
कोलकाता, 03 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधायकों के प्रशिक्षण शिविर के दौरान तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष कार्यक्रम में पहुंचने के बाद अचानक बाहर निकल गए। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस पर तृणमूल कांग्रेस को तोड़ने की राजनीति में शामिल होने का आरोप लगाया।
शुक्रवार से न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय विधायक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, राज्यपाल आर. एन. रवि, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नेता प्रतिपक्ष ऋतव्रत बनर्जी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कुणाल घोष भी वहां पहुंचे और विधायक प्रतिनिधि कार्ड लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद कार्यक्रम का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।
बाद में उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते कार्यक्रम में पहुंचना उनका कर्तव्य था, लेकिन वहां रुकना उनका व्यक्तिगत निर्णय नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि ओम बिरला संसद में तृणमूल से अलग हुए सांसदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जबकि रथींद्र बोस ने भी ऐसे नेताओं को मान्यता दी है।
कुणाल घोष ने कहा कि वह संसदीय परंपराएं और नियम इन नेताओं से नहीं सीखेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी से ही वह संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी लेंगे।
---------------

