रूसी हमले में यूक्रेन में 3 लोगों की मौत, कीव का रूस की ऑयल रिफाइनरी पर हमला
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
मास्काे/कीव, 01 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन में रूस के रातभर हुए हमलों में दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में कम-से-कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। वहीं, यूक्रेन ने भी रूस के अंदरूनी इलाके में स्थित एक ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया है।
विभिन्न मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार रातभर हुए रूसी हमलों में दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, कीव ने रूस की एक ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया।
गवर्नर ओलेक्ज़ेंडर हंझा ने बताया कि बुधवार सुबह रूस ने निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र पर ड्रोन से हमला किया, जिसमें पांच पेट्रोल स्टेशन क्षतिग्रस्त हो गए और एक महिला की मौत हो गई। यूक्रेनी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार देर रात जापोरिज्जिया में हुए एक अलग हमले में दो लोगों की मौत हो गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बयान में कहा कि यूक्रेन ने दक्षिणी रूस के उफ़ा में एक ऑयल रिफाइनरी और पेनज़ा क्षेत्र में रूस के मिलिट्री-इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स की एक रणनीतिक सुविधा को निशाना बनाया।
उन्होंने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, रूस हमारे खिलाफ जो कुछ भी कर रहा है, उसके जवाब में यह पूरी तरह से सही कदम है। शांति की ज़रूरत है और रूस के नेतृत्व को ठीक यही बात समझनी चाहिए।
हाल के महीनों में कीव ने रूस के खिलाफ अपने लॉन्ग-रेंज ड्रोन हमलों को तेज कर दिया है। यूक्रेन के खिलाफ मॉस्को का पूर्ण युद्ध लगभग साढ़े चार साल से चल रहा है।
---------------

