आग लगने से विक्टोरिया बॉयज स्कूल के पुराने क्वार्टर जलकर खाक
- DSS Admin
- May 15, 2026
कर्सियांग, 15 मई (हि. स.)। पहाड़ के एक प्राचीन शैक्षणिक संस्थान में शुक्रवार को अचानक भयावह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में पुराने क्वार्टर में पूरी तरह जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विक्टोरिया बॉयज स्कूल परिसर के भीतर स्थित एक पुराने क्वार्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे पुराने क्वार्टर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो पाया।
घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल की तत्परता के कारण मुख्य स्कूल भवन को एक बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
हालांकि, जिस पुराने क्वार्टर में आग लगी थी, वह पूरी तरह जलकर राख हो गया।
राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। छुट्टी का दिन होने और क्वार्टर के खाली होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। मामले की जांच के लिए स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है।

