मोरी गेट टर्मिनल से खेड़ी बाबा पुल के बीच बस सेवा 'रूट 753 एक्सटेंशन' की शुरुआत
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने रविवार से मोरी गेट टर्मिनल और खेड़ी बाबा पुल के बीच बस सेवा रूट नंबर 753 एक्सटेंशन की शुरुआत की है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह की तरफ से जारी जानकारी में बताया गया है कि राजधानी के हर नागरिक को सुरक्षित, अधिक सुविधाजनक और नागरिक केंद्रित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल में शुरू किया गया यह रूट जनकपुरी, विकासपुरी, हस्तसाल, शिव विहार, उत्तम नगर, हरि नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए केंद्रीय दिल्ली और मोरी गेट तक सीधी, किफायती और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट कनेक्शन उपलब्ध कराकर आवागमन को और ज्यादा बेहतर बनाएगा।
उन्होंने बताया कि रूट 753 एक्सटेंशन मोरी गेट टर्मिनल से खेरी बाबा पुल के बीच चलेगी। यह बस रूट लाल किला, दिल्ली गेट, पहाड़गंज, करोलबाग, राजेंद्र प्लेस, शादीपुर, नारायणा, मायापुरी, जनकपुरी, उत्तम नगर, विकासपुरी, हस्तसाल और शिव विहार जैसे कई महत्वपूर्ण इलाकों से होकर खेरी बाबा पुल पर जाकर खत्म होगी।
---------------

