जोधपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित एलडीसी एवं जूनियर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा रविवार को जोधपुर के 129 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए, जिससे देर से पहुंचे कई अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिला। परीक्षा दो पारियों में हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थी।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पहले ही सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। इसके कारण कई ऐसे अभ्यर्थी, जो निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंचे, उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया जाए, लेकिन बोर्ड के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के चलते किसी भी अभ्यर्थी को निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इससे कई अभ्यर्थियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
जांच के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही। अभ्यर्थियों को प्रवेश देने से पहले उनके पहचान पत्रों का मिलान किया गया। इसके अलावा तलाशी, दस्तावेजों की जांच और अन्य सुरक्षा प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।
दो पारियों में हुई परीक्षा
भर्ती परीक्षा दो अलग-अलग पारियों में आयोजित की गई। पहली पारी में सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए, जबकि दूसरी पारी में सामान्य हिंदी और सामान्य अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। दोनों प्रश्न पत्र वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) स्वरूप के थे। बोर्ड की ओर से प्रत्येक पारी में अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र पढऩे और आवश्यक औपचारिकताओं के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया।
बाहरी जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी
एलडीसी एवं जूनियर असिस्टेंट के कुल 10,644 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती परीक्षा में जोधपुर के अलावा फलोदी, बालोतरा, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, पाली, नागौर तथा जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। बाहरी जिलों से आए परीक्षार्थियों के कारण सुबह शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव भी देखने को मिला। प्रशासन ने ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

