हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत रविवार को हरिद्वार स्थित जिला सहकारी बैंक परिसर में पाैधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पांच वर्ष पूर्व देश में अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया था, जिसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को सौंपी गई। मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने पर 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देशभर में किसान गोष्ठियों, सहकारिता सम्मेलन और वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस अभियान के तहत पूरे देश में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि उत्तराखंड में भी प्रत्येक जिले और सहकारी समिति स्तर पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है।
दाे लाख किसानों को मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण
सहकारिता मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 30 लाख किसान सहकारिता विभाग से जुड़े हुए हैं। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार इस वर्ष दो लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सहकारी बैंक 300 करोड़ रुपये का लाभ
डॉ. रावत ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में किए गए सुधारों का परिणाम है कि आज उत्तराखंड के सभी सहकारी बैंक मिलकर करीब 300 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के लिए इस वर्ष प्रदेश में 55 नई सहकारी बैंक शाखाएँ खोली जाएंगी।
खेत बचाओ अभियान और जैविक खेती पर विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सरकार खेत बचाओ अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रही है। साथ ही उत्तराखंड को जैविक कृषि का अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से किसानों को ऑर्गेनिक (जैविक) खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री ने सहकारिता विभाग द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के प्रशासक एवं निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड आनंद ए.डी. शुक्ल ने किया, जबकि जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा एवं जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, विकास तिवारी, सुशील त्यागी, विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, कृषक, सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी बैंक के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

