उपराज्पाल ने एमसीडी के साथ की बैठक, अवैध निर्माण पर कार्रवाई के दिए निर्देश
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को भवन निर्माण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अवैध निर्माणों पर निर्णायक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को निगमायुक्त संजीव खिरवार और एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में शहरी प्रशासन, नागरिक सुविधाओं और राजधानी में संरचनात्मक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में उपराज्यपाल ने कहा कि अवैध रूप से किए जा रहे अतिरिक्त निर्माण और भवन विस्तार शहर की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। उन्होंने एमसीडी को समयबद्ध रणनीति तैयार कर अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी आदेश दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मानसून से पहले नालों की सफाई, सड़कों और फुटपाथों की मरम्मत, धूल प्रदूषण नियंत्रण तथा कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों को मालिकाना हक प्रदान करने वाली पीएम-उदय योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक पार्कों के विकास और पुनर्जीवन के लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) आधारित सहभागी मॉडल को भी जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशी विकास के विजन के अनुरूप दिल्लीवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सम्मानजनक जीवन-पर्यावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
---------------

