राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर एलएनएमयू में ऑनलाइन व्याख्यान आयोजित

दरभंगा, 29 जून (हि.स.)।

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गणित विभाग द्वारा राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर सोमवार को 'राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस का महत्व' विषय पर ऑनलाइन व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान संकाय के डीन एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. दिलीप कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू महाविद्यालय में अर्थशास्त्र के सहायक प्रोफेसर अजय कुमार यादव थे। उन्होंने राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस प्रख्यात भारतीय अर्थशास्त्री प्रशांत चंद्र महालनोबिस की जयंती पर मनाया जाता है। उन्होंने महालनोबिस के सांख्यिकी एवं अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिए गए योगदानों की चर्चा करते हुए कहा कि उनके द्वारा विकसित सूत्रों का उपयोग आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने शासकीय सांख्यिकी की उपयोगिता एवं उसके विभिन्न अनुप्रयोगों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

गणित विभागाध्यक्ष एवं सह-प्राध्यापक डॉ. एस. एन. रॉय ने मुख्य वक्ता एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विभाग के सह-प्राध्यापक एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अयाज अहमद ने किया। कार्यक्रम का संचालन गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं संयोजक डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव ने किया।

ऑनलाइन व्याख्यान में डॉ. नेहा वर्मा, डॉ. विपुल स्नेही, डॉ. अभिमन्यु कुमार, डॉ. कामेश्वर पासवान सहित अनेक शिक्षक एवं शोधार्थी श्रोता के रूप में उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर