कटिहार, 29 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के कारण सोशल मीडिया पर रसोई गैस (एलपीजी) और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह भ्रामक और झूठी हैं। जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सोमवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, इसलिए उपभोक्ता पैनिक न करें और एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
डीएसओ ने बताया कि कटिहार जिले के तीनों अनुमंडलों (कटिहार, बारसोई और मनिहारी) के अंतर्गत कार्यरत कुल 54 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 12,730 घरेलू और 1,417 व्यावसायिक गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 28 जून को जिले में 5,798 सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जिसके एवज में मांग से अधिक 5,968 सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को कर दी गई।
अफवाहों की आड़ में मुनाफाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त है। पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा, बिहार) के निर्देश पर जिले में 16 'धावा दल' का गठन किया गया है। इन टीमों ने अब तक गैस एजेंसियों, होटलों और अन्य स्थानों पर कुल 931 छापेमारी की है। अवैध भंडारण और कालाबाजारी के मामले में अब तक जिले में 6 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा चुकी हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर तेल कंपनियों (एटपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसीएल) के साथ लगातार समीक्षा बैठकें भी हो रही हैं।
जिले में गठित कंट्रोल रूम भी मुस्तैदी से काम कर रहा है। अब तक प्राप्त 1219 शिकायतों में से 1218 का त्वरित गति से निपटारा कर दिया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जरूरी संस्थानों को निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की कठिनाई या शिकायत के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 जारी किये गए हैं, जिन पर संपर्क किया जा सकता है।

