मोबाइल को लेकर नाराज बेटी ने डिग्गी में लगाई छलांग, बचाने कूदी मां भी डूबी; दोनों की मौत

बाड़मेर, 07 जून (हि.स.)। बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के सीलू गांव में शनिवार को एक हादसे में मां-बेटी की डूबने से मौत हो गई। मोबाइल नहीं मिलने से नाराज 18 वर्षीय बेटी ने पानी की डिग्गी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए मां भी पानी में कूद गई, लेकिन गहरे पानी के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सकीं।

जानकारी के अनुसार सीलू गांव निवासी अनिता उर्फ इंद्रा (38) पत्नी राजूराम दोपहर में अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनकी बड़ी बेटी सुमन (18) ने मोबाइल मांगा। मां ने छोटे बच्चों के सोने का हवाला देते हुए शाम को मोबाइल देने की बात कही। इस बात से नाराज होकर सुमन घर के पास स्थित पानी की डिग्गी के किनारे जाकर बैठ गई।

कुछ देर बाद अनिता उसे समझाने के लिए डिग्गी के पास पहुंचीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मां को अपनी ओर आते देख सुमन ने अचानक डिग्गी में छलांग लगा दी। बेटी को पानी में डूबता देख अनिता ने भी उसे बचाने के लिए बिना देर किए डिग्गी में छलांग लगा दी।

हालांकि डिग्गी में पानी अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सकीं।

घटना के समय पास में बकरियां चरा रहे लोगों ने शोर सुनकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मां-बेटी को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर गुड़ामालानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बताया कि पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है। जालोर जिले के चितलवाना से परिजनों के आने तथा रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतका अनिता के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।

सुमन परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। उसने इसी वर्ष 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रही थी। उसके पिता किसान होने के साथ गांव में वाटर आरओ प्लांट का संचालन भी करते हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मां-बेटी की एक साथ मौत से परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर