मंडी में लगा श्रम शिविर, श्रमिकों को मिली कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
धमतरी, 08 जुलाई (हि.स.)। कृषि उपज मंडी श्यामतराई में बुधवार को सीटू जिला समिति की मांग पर श्रम विभाग द्वारा मंडी हमाल, रेजा, तोलैया तथा सब्जी मंडी के श्रमिकों के लिए श्रम शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित श्रमिकों को शासन की विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। सीटू राज्य समिति सचिव समीर कुरेशी ने बताया कि श्रमिकों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजीयन और समय-समय पर नवीनीकरण कराने से श्रमिकों को शासन की विभिन्न आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ मिल सकता है। श्रम पदाधिकारी एनके साहू ने श्रमिकों को पंजीयन, नवीनीकरण तथा श्रम कल्याण मंडल द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिशु अवस्था से लेकर वरिष्ठ नागरिक श्रमिकों तक, छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं श्रमिक परिवारों के लिए कई लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की भी जानकारी दी गई। शिविर के दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं और सवाल अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक खांडेकर ने धमतरी जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार, रोजगार की संभावनाओं तथा श्रमिकों के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रमिकों एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मंडी श्रमिक एकता यूनियन के महासचिव राजूराम साहू, अशोक धुरुव, दिनेश जागणे, रोहित निर्मलकर, शेलेन्दी बाई, विमला बाई, यादराम सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

