पठानकोट में नाले की सफाई न होने से खेत जलमग्न:बारिश में ओवरफ्लो हो रहा पानी, किसानों ने प्रशासन से लगाई गुहार
- Neha Gupta
- Jul 07, 2026
पठानकोट के हल्का सुजानपुर स्थित गाँव फिरोजपुर कलाँ में बरसाती नाले की नियमित सफाई न होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान नाले में प्लास्टिक और अन्य कचरा फंस जाने से पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भर जाता है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। पीड़ित किसान हरभजन सिंह ने बताया कि सफाई न होने के कारण नाले का गंदा पानी उनके खेतों में भर जाता है। उन्होंने पहले भी अपने खर्च पर दो-तीन बार मजदूरों से सफाई करवाई है, लेकिन हर बारिश के बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। उनका आरोप है कि खेत का बड़ा हिस्सा कचरे और पॉलीथिन से भर गया है, जिससे खेती करना मुश्किल हो रहा है। हरभजन सिंह बोले- कई बार गांव के सरपंच से संपर्क किया हरभजन सिंह के अनुसार, उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार गाँव के सरपंच से संपर्क किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। सरपंच का कहना है कि बरसाती नाले की जिम्मेदारी पंचायत की नहीं, बल्कि मंडी बोर्ड की है। इसके अलावा, लेबर की कमी का हवाला देकर भी सफाई नहीं करवाई जा रही है। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि मंडी बोर्ड के वाहनों की आवाजाही से खेतों के पास लगी तारें और बल्लियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त नुकसान हो रहा है। गाँव के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के बीच जिम्मेदारी तय कर जल्द बरसाती नाले की सफाई करवाई जाए, ताकि खेतों में गंदा पानी जाने से रोका जा सके और फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

