कूचबिहार, 03 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी वादे को पूरा करते हुए जिले में ‘मां आहार’ कैंटीन की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार से इस कैंटीन में मात्र पांच रुपये में आम लोगों को मछली-भात परोसा जा रहा है।
पहले एमजेएन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में कूचबिहार नगरपालिका की देखरेख में ‘मां कैंटीन’ से पांच रुपये में अंडा-भात मिलता था, जिसे अब नया नाम देकर ‘मां आहार’ कर दिया गया है।
उद्घाटन के दिन कैंटीन के मेन्यू में भात और मछली का झोल शामिल था, जिसका लाभ करीब तीन सौ लोगों ने उठाया। मात्र पांच रुपये में मछली-भात मिलने से मरीजों और उनके परिजनों में खुशी देखी गई।
प्रशासन के अनुसार, यह सेवा अब नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी। अंडा-भात के साथ अब सप्ताह में दो दिन मछली भी मेन्यू में शामिल की जाएगी। यह कैंटीन प्रतिदिन दोपहर एक बजे से तीन बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जहां सस्ते दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल से शहर के लोगों में संतोष और उत्साह देखा जा रहा है।

