गुजरात में मूसलाधार बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
अहमदाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। गुजरात में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार नवसारी जिले के चिखली में महज चार घंटे के भीतर 8.03 इंच बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं, वलसाड में 6.89 इंच बारिश दर्ज होने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक राज्य के 39 तहसीलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। चिखली में सबसे अधिक 8.03 इंच वर्षा हुई, जबकि वलसाड में 6.89 इंच और डांग जिले में 5.04 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
इससे पहले गुरुवार सुबह 6 बजे से शुक्रवार सुबह 6 बजे तक जूनागढ़ जिले के मांगरोल में 12.64 इंच और गिर सोमनाथ के सुत्रापाड़ा में 12.36 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। जूनागढ़ के मानावदर में भी 9 इंच बारिश हुई।
उधर, महेसाणा जिले के कड़ी शहर में देर रात 2 बजे से 4 बजे के बीच केवल दो घंटे में करीब 8 इंच बारिश होने से पूरा शहर और आसपास के इलाके पानी में डूब गए। सड़कों पर जलभराव, निचले इलाकों में पानी घुसने और यातायात प्रभावित होने की खबरें हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच केवल दो घंटे में वलसाड तहसील में 6.10 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा डांग तहसील में 3.11 इंच तथा नवसारी के गणदेवी में 2.17 इंच वर्षा हुई। शुरुआती दो घंटों में ही 29 तहसीलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सुबह 10 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 39 तहसीलों तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने आगामी घंटों में दक्षिण गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
---------------

