जयपुर के रेजिडेंशियल इलाके में फिर घुसा लेपर्ड, बछड़े का किया शिकार

जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। जयपुर शहर के रिहायशी इलाके विद्याधर नगर में एक बार फिर लेपर्ड की दहशत देखने को मिली है। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे विद्याधर नगर सेक्टर-10 में लेपर्ड ने शिव मंदिर परिसर में बंधे एक बछड़े का शिकार कर लिया। घटना की जानकारी लोगों को बुधवार सुबह मिली, जिसके बाद वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। टीम ने पगमार्क के आधार पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

शिव मंदिर के पुजारी सुधांशु ने बताया कि रात करीब 2 बजे कुत्तों के भौंकने की तेज आवाजें आई थीं। बाहर जाकर देखने पर सब सामान्य लगा, लेकिन सुबह मंदिर परिसर के गार्डन एरिया में बंधा बछड़ा मृत अवस्था में मिला, जिसे लेपर्ड ने शिकार बनाया था।

उल्लेखनीय है कि विद्याधर नगर इलाके में पहले भी लेपर्ड की आवाजाही देखी जा चुकी है। इसी साल जून में सेक्टर-8 में लेपर्ड मकानों की छतों तक पहुंच गया था, जबकि पिछले साल दिसंबर में लेपर्ड सेंट्रल गवर्नमेंट गेस्ट हाउस में घुस गया था और चार घंटे तक कॉलोनी में घूमता रहा था। इससे पहले 20 नवंबर को लेपर्ड जयपुर के वीआईपी क्षेत्र सिविल लाइंस में भी देखा गया था, जहां वह पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के आवास के सामने से होकर कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत के घर और फिर एक स्कूल परिसर में पहुंच गया था। दरअसल पिछले कुछ महीनों से जयपुर के सिविल लाइंस, विद्याधर नगर, दुर्गापुरा, गोपालपुरा, जयसिंहपुरा, जगतपुरा, खो-नागोरियान सहित कई इलाकों में लेपर्ड की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार जंगलों में भोजन की कमी इसके पीछे की मुख्य वजह मानी जा रही है। आबादी और हाई-सिक्योरिटी जोन में लेपर्ड की बढ़ती आवाजाही वन विभाग और पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

   

सम्बंधित खबर