लंबरदार के घर में घुसा तेंदुआ, मचा हड़कंप, कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू
- DSS Admin
- May 12, 2026
कठुआ/हीरानगर, 12 मई (हि.स.)। जिले के हीरानगर क्षेत्र के पक्का कोठा गांव में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक खतरनाक तेंदुआ स्थानीय लंबरदार दविंदर सिंह के घर में घुस गया। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुआ घर के भीतर बने मवेशी शेड में जा छिपा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए शेड का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया जिससे तेंदुआ बाहर न निकल सके और कोई बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तेंदुआ काफी आक्रामक नजर आया जिसके चलते टीम को उसे काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः ट्रैंक्विलाइजर गन की मदद से तेंदुए को बेहोश किया गया। बेहोशी के बाद टीम ने सावधानीपूर्वक तेंदुए को पिंजरे में डालकर कब्जे में ले लिया।
वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि ग्रामीणों ने समय पर पहुंचकर सफल रेस्क्यू करने के लिए वन्यजीव विभाग की सराहना की।
---------------

