मालगाड़ी के डिब्बे में लगी भीषण आग, फायर टीम ने पाया काबू
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
फिरोजाबाद, 17 जून (हि.स.)। लाइनपार थानाक्षेत्र अन्तर्गत गांव रूपसपुर के पास बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर एक मालगाड़ी के डिब्बे में भीषण आग लग गई। जिससे हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
टूंडला से कानपुर की ओर एक मालगाड़ी जा रही थी। मालगाड़ी बुधवार शाम जैसे ही गांव रूपसपुर के पास पहुंची तभी इसके एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस के साथ-साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे ने बताया कि मालगाड़ी के एक डिब्बे में आग लगी थी। जिसमें चार पहिया वाहन लदे थे। आग लगने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर डीएफसी का एक रूट अस्थायी रूप से बाधित किया गया। हालांकि, दूसरे रूट पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
-------------

