मुंबई, 20 जून (हि.स.)। गर्मी और तपिश से जूझ रहे मुंबई वासियों को सोमवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने सोमवार से मुंबई और आस-पास के इलाकों में बारिश बढ़ने का अनुमान लगाया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
मुंबई में सामान्य तौर पर 11 जून तक मानसून के पहुंचने की सभावना होती है। लेकिन अभी तक दक्षिण-पश्चिम मानसून नहीं पहुंचा है। कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश को छोड़ दें तो प्री-मानसून की बारिश भी नहीं हुई है। लोग तपते सूरज से परेशान हैं। कोलाबा और सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने सोमवार से पूरे कोंकण क्षेत्र के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 24 जून से कोंकण बेल्ट में आगे बढ़ने की अनुमान है। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के दक्षिणी इलाकों में रुका हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर मानसून के लिए अनुकूल सिस्टम यानी ऑफशोर ट्रफ, कम दबाव वाले क्षेत्र या चक्रवाती परिसंचरण के न होने की वजह से बारिश में कमी आई है।
बारिश न होने से मुंबई को जलापूर्ति करने वाले 7 बांधों का जलस्तर तेजी से घट रहा है। जलाशयों में 9 प्रतिशत यानी 1.30 लाख मिलियन लीटर पानी रह गया है। पिछले साल इसी अवधि में सातों बांधों में पानी का स्तर कुल क्षमता का 25 फीसदी था। यदि बारिश नहीं हुई तो जलसंकट गहरा सकता है।
---------------

