मुंबई, 23 मई (हि.स.)।पालघर जिले की दहानू और तलासरी तहसील के कई गांवों में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा चलाए गए घर वापसी अभियान के तहत 500 से अधिक आदिवासी समाज के लोगों की सनातन परंपरा में वापसी कराई गई। कासा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे, कोकण प्रांत अध्यक्ष अजय संखे, प्रांत मंत्री मोहन सालेकर, प्रांत सह धर्मप्रसार प्रमुख संदीप भगत, विभाग मंत्री चंदन सिंह, जिला अध्यक्ष महावीर जैन, विहिप नेता मुकेश दुबे तथा अरविंद सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विहिप के विभाग मंत्री चंदन सिंह ने बताया कि विभिन्न कारणों से अन्य धर्मों में गए लोगों को उनके पैतृक और मूल धर्म से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। विहिप नेता मुकेश दुबे ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में बढ़ते धर्मांतरण के कारण पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकता प्रभावित हो रही है। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
---------------

