अररिया 23 जून(हि.स.)। बिहार में अररिया जिले की जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पथराबाड़ी-भेलागंज मार्ग स्थित एक अर्धनिर्मित घर से 340.50 लीटर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की।
रात्रि गश्ती के दौरान की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक चारपहिया वाहन एवं एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है और उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक को खंगाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले में जोकीहाट थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज किया गया है और दोनों गिरफ्तार तस्करों को जेल भेजा जाएगा।

