ढाई महीने पहले हुई थी शादी, नवविवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार, दहेज हत्या का केस दर्ज
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के लोधी कॉलोनी क्षेत्र में नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पांच जुलाई को लोधी कॉलोनी थाने में दहेज मृत्यु की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय आकृति का शव शनिवार शाम एनडीएमसी के पालिका कुंज स्थित एक फ्लैट में मिला था। यह फ्लैट उसके ससुराल से करीब 15 किलोमीटर दूर है। घटनास्थल की तीसरी मंजिल की छत पर उसका पर्स, मोबाइल फोन और चप्पल पड़े मिले थे। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दहेज मृत्यु के एंगल से भी जांच शुरू की।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि आकृति की शादी 24 अप्रैल 2026 को पुष्प विहार निवासी अरस्तू सिक्का से लव-कम-अरेंज मैरिज के तहत हुई थी। शादी को महज दो माह 10 दिन हुए थे। उनका कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त रुपये की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर आकृति के साथ मारपीट की जाती थी और उस पर मानसिक दबाव बनाया जाता था। परिजनों का यह भी आरोप है कि उसे नौकरी करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी, जबकि शादी से पहले उसने स्पष्ट कर दिया था कि परिवार पर कर्ज होने के कारण वह नौकरी जारी रखना चाहती है।
परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपित की बहन और आकृति स्कूल में साथ पढ़ती थीं। इसी परिचय के आधार पर दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय हुआ। परिजनों का आरोप है कि शादी के समय आकृति की नौकरी को लेकर सहमति जताई गई थी, लेकिन विवाह के बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गईं और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
मायके पक्ष ने यह भी दावा किया है कि जिस कमरे में आकृति का शव मिला, वहां खून का एक भी निशान नहीं था। इससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान साकेत मेट्रो स्टेशन से लेकर पालिका कुंज तक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आकृति अकेले घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी है। वहीं पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट निष्कर्ष निकाला जाएगा।
लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने 5 जुलाई को दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
---------------

