ऑपरेशन 'क्लीन स्वीप' में चार मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, एमडी व स्मैक बरामद

जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की कमिश्नर स्पेशल टीम (सीएसटी) ने ऑपरेशन 'क्लीन स्वीप' के तहत मानसरोवर और हरमाड़ा थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69.95 ग्राम एमडी (मिथाइलेनेडाइऑक्सीमेथैम्फेटामाइन), 9.350 ग्राम स्मैक तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन सिंह ने बताया कि पहली कार्रवाई मानसरोवर के किरण पथ पर की गई। नाकाबंदी के दौरान प्रवीण कुमार सैनी (22) और मुकेश जाणी (20) के बैग की तलाशी लेने पर 15 ग्राम एमडी बरामद हुई। दोनों के खिलाफ मानसरोवर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई मानसरोवर के स्वर्ण पथ पर की गई, जहां अजीत उर्फ विकास उर्फ विक्की उर्फ अनिल (21) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54.95 ग्राम एमडी बरामद की गई। इस संबंध में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

तीसरी कार्रवाई हरमाड़ा थाना क्षेत्र के नींदड़ घाटी स्थित श्मशान घाट के पास की गई। यहां पुलिस ने कमलेश (29) को 9.350 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हरमाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जयपुर पुलिस ने आमजन से नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर