धार में जिला परियोजना समन्वयक रिश्वत लेते गिरफ्तार, 17 लाख रुपये मांगने का आरोप
- DSS Admin
- May 18, 2026
धार, 18 मई (हि.स.)। लोकायुक्त पुलिस की इंदौर टीम ने सोमवार को धार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर शौचालय निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में करीब 17 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता दिलीप साधव जिला शिक्षा केंद्र धार में प्रभारी सहायक यंत्री के पद पर कार्यरत हैं। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में 122 शौचालयों के निर्माण के लिए करीब 3.42 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इन निर्माण कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी शिकायतकर्ता के पास थी।
आरोप है कि जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे ने निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के बदले पांच प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। शिकायतकर्ता से लगभग 17 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद डॉ. राजेश सहाय के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
सोमवार को लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित लोकायुक्त टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

