बंद मकान में चोरी का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, दो ज्वेलरों की तलाश

कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के सेक्टर-सात स्वर्ण जयंती विहार में बंद मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बुधवार काे फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से करीब दो लाख रुपये नकद, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो ज्वेलर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बुधवार को बताया कि 19 जून को दिनदहाड़े बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली गई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चाेरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। जांच के दौरान लाल-काले रंग की स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक आते-जाते दिखाई दिए। यक्ष ऐप की मदद से उनकी पहचान अंशू पासी और हिमांशु गौतम के रूप में हुई। पुलिस ने पहले अंशू पासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपित हिमांशु गौतम लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना, नगवां बंबा रोड क्षेत्र से हिमांशु गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। पहले गिरोह के सदस्य विभिन्न इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद हिमांशु और उसका साथी स्कूटी से पहुंचकर घरों के ताले तोड़ते और जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

पूछताछ में यह भी पता चला कि चोरी के आभूषण स्थानीय ज्वेलरों को बेचे जाते थे। बिक्री से मिली रकम से गिरोह मौज-मस्ती करता था और विभिन्न शहरों के साथ गोवा जैसे पर्यटन स्थलों की यात्राएं करता था। पुलिस के अनुसार इस मामले में दो ज्वेलरों की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तार आरोपित हिमांशु गौतम के पास से पुलिस ने तमंचा, एक जिंदा कारतूस और करीब दो लाख रुपये की नकदी बरामद की हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।---------------------

   

सम्बंधित खबर