नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने रविवार को केशव पुरम जोन के गुजरांवाला टाउन में समाजसेवी स्वर्गीय डीजे सचदेवा के नाम पर पार्क का नामकरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विधायक अशोक गोयल देवराहा, केशव पुरम जोन के चेयरमैन विकेश सेठी, सब्बरवाल और उनका परिवार मौजूद रहा।
महापौर ने यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पार्क सिर्फ हरियाली वाली जगहें नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक सद्भाव, परिवार के मेल-जोल, सेहत को बढ़ावा देने और सामुदायिक जीवन के अहम केंद्र हैं। ऐसी सार्वजनिक जगहों को प्रेरणादायक हस्तियों से जोड़ने से नागरिकों में सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि निगम शहर भर के पार्कों को बदलने के लिए कई मॉडल अपनाएगा, जिनमें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के साथ सहयोग और दिल्ली सरकार के साथ साझेदारी शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को ध्यान में रखते हुए निगम राष्ट्रीय राजधानी को एक साफ-सुथरे, सुंदर, हरे-भरे और नागरिकों के अनुकूल महानगर में बदलने के लिए पूरी लगन से काम कर रहा है। निगम हरियाली वाली जगहों को बढ़ाने, पार्कों को विकसित और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे कई पहलों लागू कर रहा है।
---------------

