निगमायुक्त संजीव खिरवार ने आदर्श नगर वार्ड में नालों के डिसिल्टिंग कार्य की समीक्षा की
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने गुरुवार को सिविल लाइंस क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श नगर वार्ड का निरीक्षण कर मानसून की तैयारियों की समीक्षा की।
संजीव खिरवार ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित नालों की डिसिल्टिंग के लिए पी डब्ल्यू डी के अधिकारियों को निर्देश दिए। निगमायुक्त ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास लगने वाली मुर्गा मंडी में अवैध लाइसेंस पर चलने वाली दुकानों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड में लहसुन प्याज की छंटाई के बाद उनके छिलकों को नाले में बहाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए एवं इन छिलकों को नाले से निकलने के आदेश दिए।
निगमायुक्त ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास मुख्य सड़क पर पड़े कचरे पर कड़ी आपत्ति जताई एवं वहां पर अतिरिक्त डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डस्टबिन इस प्रकार से लगाए जाएं कि यातायात के परिचालन में किसी भी प्रकार का कोई अवरोध न आए। खिरवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों पर किसी भी प्रकार का कूड़ा न मिले।
संजीव खिरवार ने जहांगीरपुरी एच ब्लॉक में स्थित पी डब्ल्यू डी के पंप स्टेशन और शाह आलम बंध मार्ग पर स्थित नाले का भी निरीक्षण किया। संजीव खिरवार ने मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन स्थित नाले एवं जहांगीर पुरी जी-ब्लॉक स्थित नाले पर जारी डिसिल्टिंग कार्य का निरीक्षण कर इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों से निकली सिल्ट को जल्द से जल्द उठवाने के भी निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने मानसून की बारिश में जलभराव से निपटने के लिए आदर्श नगर वार्ड में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन बनाने की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान पी डब्ल्यू डी विभाग के अधिकारी, आदर्श नगर के विधायक राज कुमार भाटिया, निगम पार्षद मुकेश गोयल, सिविल लाइंस क्षेत्र के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, प्रमुख अभियंता पी.सी.मीणा सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

