निगमायुक्त संजीव खिरवार ने दक्षिणी दिल्ली का किया निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक अवसंरचना तथा चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कटवारिया सराय स्थित ढलाव, बेर सराय, डियर पार्क स्थित ढलाव तथा एकता कैंप में निर्माणाधीन कन्वीनियंस सेंटर का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त संजीव खिरवार ने विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा किया तथा अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों एवं अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में विशेष गहन सफाई अभियान चलाकर नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रीय टीमों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए नियमित सफाई तथा समयबद्ध कूड़ा उठाने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखा जा सके।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को कटवारिया सराय ढलाव एवं डियर पार्क ढलाव पर दो-दो एफसीटीएस स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जा सके।

मानसून को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने सड़क किनारे स्थित नालियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंत्रण एवं स्वच्छता विभाग की टीमों को निर्देश दिए कि उनसे समयबद्ध सिल्ट निकली जाये, ताकि वर्षा जल का निर्बाध निकास हो सके तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि निगम की प्राथमिकता स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, नालों को अवरोधमुक्त रखना तथा नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर धरातल पर स्पष्ट एवं प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने एकता कैंप में निर्माणाधीन कन्वीनियंस सेंटर के कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 150 वर्ग गज में निर्मित होने वाला इस भवन में शौचालय, स्नानघर तथा कपड़े धोने की सुविधा जैसी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय निवासियों एवं प्रतिदिन क्षेत्र का उपयोग करने वाले लोगों को व्यापक सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने संबंधित सभी विभागों को परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर निगमायुक्त के साथ प्रमुख अभियंता पी.सी. मीणा, उपायुक्त (दक्षिण जोन) राकेश कुमार, निगम के वरिष्ट अधिकारी, स्वच्छता विभाग के अधिकारी तथा जोन की टीमें उपस्थित रहीं।

---------------

   

सम्बंधित खबर