तायक्वांडो विजेता जिले के गौरव का प्रतीक: रामचन्द्र शर्मा, मेडल विजेताओं से खेल विकास पर चर्चा

रायगढ़ , 25 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तायक्वांडो खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता से लौटने के बाद आज खिलाड़ियों ने वरिष्ठ खिलाड़ी एवं मार्गदर्शक रामचन्द्र शर्मा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

टीम के वरिष्ठ कोच विकास कुमार ने बताया कि नेपाल में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करने के बाद पूरी टीम रायगढ़ के खेल जगत के वरिष्ठ नाम रामचन्द्र शर्मा से मिलने पहुंची। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों की जानकारी साझा की और तायक्वांडो खेल को जिले में आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की।

रामचन्द्र शर्मा ने खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए कहा कि ऐसे खेलों को विशेष प्रोत्साहन मिलना चाहिए, जिनमें खिलाड़ी लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तायक्वांडो जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और फिटनेस को बढ़ाते हैं।

चर्चा के दौरान रामचन्द्र शर्मा ने कोचों और खिलाड़ियों से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आने वाले समय में जिले, प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगे।

   

सम्बंधित खबर