सहयोग शिविर को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

भागलपुर, 18 मई (हि.स.)। भागलपुर के समीक्षा भवन में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सहयोग शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 19 मई (मंगलवार) को भागलपुर जिले के सभी प्रखंडों के दो-दो पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पंचायतों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम सप्ताह के मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। 19 मई को इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

सबौर प्रखंड के ममलखा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के माननीय मंत्री सह भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त वे अन्य सहयोग शिविर के कार्यों का भी अवलोकन भी करेंगे। साथ ही सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सह प्रभारी सचिव जिला भागलपुर दीपक आनंद सुल्तानगंज एवं शाहकुंड प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे।

डीएम ने भागलपुर के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को सहयोग शिविर में मुकम्मल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनों के बैठने, पेयजल, शौचालय इत्यादि की पुख्ता इंतजाम रहना चाहिए। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए उनके फ्लेक्स बैनर भी लगाए जाएं। उन्होंने बारी- बारी से कई प्रखंड विकास पदाधिकारी से उनके दो पंचायत में सहयोग शिविर की तैयारी का फीडबैक लिया। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर