दक्षिण पूर्व रेलवे ने 16 मेमू ट्रेनों को 15 दिनों के लिए किया रद्द

खड़गपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे ने 13 से 27 जुलाई तक विभिन्न मार्गों पर चलने वाली 16 मेमू ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार रात को इसकी जानकारी दी। हालांकि, ट्रेनों के निरस्तीकरण के कारणों की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

इन ट्रेनों के रद्द रहने से विशेष रूप से पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया तथा ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों का कहना है कि दक्षिण पूर्व रेलवे में पहले से ही स्थानीय, मेमू और ईएमयू ट्रेनों के विलंब से परिचालन की समस्या बनी हुई है। ऐसे में लगातार 15 दिनों तक कई ट्रेनों के रद्द रहने से उनकी कठिनाइयां और बढ़ सकती हैं।

रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार 13 से 27 जुलाई के बीच निम्नलिखित मेमू ट्रेनें निरस्त रहेंगी—

68087/68088 विष्णुपुर–धनबाद मेमू

68095/68096 बांकुड़ा–जयरामबाती मेमू

68093/68094 खड़गपुर–झाड़ग्राम मेमू

68023/68024 झाड़ग्राम–पुरुलिया मेमू

68025 चक्रधरपुर–राउरकेला मेमू

68031/68032 झारसुगुड़ा–संबलपुर मेमू

68033/68034 संबलपुर–झारसुगुड़ा मेमू

68030 झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू

68026 राउरकेला–चक्रधरपुर मेमू

इस बीच, दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हावड़ा स्टेशन और मंडल के अन्य स्टेशनों पर आधारभूत संरचना के विकास का कार्य भी जारी रखा है। हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है तथा जुलाई माह में 24वें प्लेटफॉर्म को चालू करने की तैयारी है। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी विकसित की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर