लक्खी भंडार सूची में पुरुष का नाम, चंद्रकोणा में भाजपा ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल
- DSS Admin
- May 26, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 26 मई (हि.स.)। जिले के चंद्रकोणा क्षेत्र में लक्खी भंडार योजना की लाभार्थी सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मनोहरपुर-दो ग्राम पंचायत की सूची में एक पुरुष तृणमूल नेता का नाम सामने आने के बाद भाजपा ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर निवासी और तृणमूल समर्थक ठेका कर्मी उत्तम कुमार साव का नाम लक्खी भंडार योजना की लाभार्थी सूची में दर्ज मिला। भाजपा नेताओं ने सोमवार को यह सूची सार्वजनिक कर आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए बनी योजना में पुरुष का नाम शामिल होना गंभीर अनियमितता है।
मंगलवार को चंद्रकोणा-एक के बीडीओ कृष्णेंदु विश्वास ने कहा कि तकनीकी त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं, पंचायत प्रधान माधुरी सिंह दोलाई ने भी कहा कि उस समय अत्यधिक दबाव में डेटा एंट्री हुई थी, जिससे गलती हो सकती है। जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
भाजपा के चंद्रकोणा मंडल अध्यक्ष सबुज मजूमदार ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना शुरू होने से पहले लाभार्थियों की सूची की जांच की जा रही है। इसी दौरान यह मामला सामने आया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, जांच में यह भी सामने आया कि बैंक खाता, मोबाइल नंबर और अन्य सभी जानकारी उत्तम कुमार साव की पत्नी मुनमुन सामंत साव की है। योजना की राशि भी उनके खाते में ही जा रही थी।
उत्तम कुमार साव ने कहा कि वर्ष 2021 में उनकी पत्नी ने ‘दुआरे सरकार’ शिविर में आवेदन किया था और तब से राशि मिल रही है। सूची में उनका नाम कैसे दर्ज हो गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
मामला सामने आने के बाद उन्होंने पंचायत और बीडीओ कार्यालय में जाकर सूची से अपना नाम हटाने का आवेदन दिया है। ---------------

