लखनऊ के अग्रसेन पार्क में मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
- DSS Admin
- May 12, 2026
लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को एक व्यक्ति की लाश मिली है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि आज पुलिस को सूचना दी गई कि अग्रसेन पार्क में एक व्यक्ति गंभीर चोटिल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया कि युवक की मौत हो चुकी है। आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन कुछ सफलता नहीं मिली। सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया उक्त चोट किसी भारी लकड़ी अथवा कठोर वस्तु से लगना प्रतीत हो रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें दो व्यक्ति एक-दूसरे के गले में हाथ डालकर पार्क के अंदर जाते दिखाई दिए। कुछ समय बाद उनमें से एक व्यक्ति लकड़ी का डंडा लेकर पुनः पार्क में जाता और थोड़ी देर बाद तेजी से बाहर निकलता दिखाई दिया। उस व्यक्ति की पहचान मोतीझील निवासी पिंटू के रूप में हुई है। संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों को लगाया गया है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी एवं सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए हैं।
---------------

