जन्मदिन की खुशियां बनीं बच्चों के पोषण का माध्यम, स्कूल में हुआ नेवता भोजन आयोजन

रायगढ़ , 08 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना (मध्यान्ह भोजन) के माध्यम से शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को प्रतिदिन गर्म एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती मिल सके। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विद्यालयों में नेवता भोजन की व्यवस्था को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से बच्चों को अतिरिक्त पोषक आहार उपलब्ध कराया जा सके।

छत्तीसगढ़ शासन की इस अभिनव पहल के तहत शिक्षक, जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालक तथा आम नागरिक अपने परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, मुंडन संस्कार, सालगिरह अथवा अन्य पारिवारिक अवसरों पर विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के लिए विशेष भोजन, फल, मिठाई या अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध करा सकते हैं। इससे न केवल बच्चों को अतिरिक्त पोषण मिलता है, बल्कि समाज और विद्यालय के बीच सहभागिता भी मजबूत होती है।

इसी क्रम में विकासखण्ड पुसौर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बोरोडिपा में पदस्थ प्रधानपाठक देवमती भोय की बड़ी पुत्री कुमारी खुशबू भोय के जन्मदिन 08 जुलाई के अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों के लिए विशेष नेवता भोजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों के साथ मीठा और बड़ा परोसा गया, जिसे बच्चों ने बड़े उत्साह और प्रेमपूर्वक ग्रहण किया।

नेवता भोजन के दौरान विद्यालय में उत्साह और आनंद का वातावरण देखने को मिला। बच्चों ने प्रधानपाठक देवमती भोय के माध्यम से कुमारी खुशबू भोय को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके सफल, उज्ज्वल और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, संकुल प्राचार्य, संकुल बालक पुसौर एवं कन्या पुसौर के समन्वयक, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वार्ड पार्षद, पूर्व पार्षद तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

उपस्थित सभी लोगों ने शासन की नेवता भोजन योजना को बच्चों के पोषण, सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ने वाली एक प्रेरणादायी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

   

सम्बंधित खबर