अबूझमाड़ में महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
नारायणपुर, 28 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत आज देशभर में शुरू हुए विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर भारत ने प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का आधार है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और अभियान में लगे सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विशेष रूप से अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में अभियान का प्रभावी संचालन सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सुरक्षा और बच्चों के समग्र विकास को लेकर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखना है।
सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के उपरांत मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें केंद्र में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई।अधिकारियों ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर में संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे आश्रय, पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता तथा मनोसामाजिक परामर्श जैसी समेकित सेवाएं प्रदान की जाती हैं। मार्च 2017 से 30 मई 2026 तक कुल 1,461 प्रकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,423 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। मंत्री राजवाड़े ने केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं को समयबद्ध एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। जिले के शहरी जीऔर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, ग्राम पंचायत कंडारी की सरपंच कमली पोटाई जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, महिला बाल विकास के कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग उपस्थित थे।
---------------

