लापता किशोर का शव नहर में मिला,हत्या की आशंका जताते हुए परिजनाें का हंगामा
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
कानपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र में एक किशाेर शव का साेमवार काे नहर में मिला। वह रविवार को घर से बहन की कॉपी लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर शाम नहर किनारे उसके कपड़े मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की थी। मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिवार काे शांत कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
रतनपुर कॉलोनी 16 वर्षीय किशोर अनुभव शुक्ला उर्फ सानू का शव सोमवार को नहर में मिला है। परिवार का कहना है कि अनुभव रविवार को साइकिल से अपनी बहन की कॉपी लेने शिक्षक के घर गया था। वहां से कॉपी लेने के बाद वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। शाम करीब चार बजे रतनपुर नहर के पास कुछ कपड़े पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहचाना कि ये कपड़ा उनके बेटे अनुभव का है, जिसके बाद अनहाेनी की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस काे सूचित किया।
सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की और नहर किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। सोमवार सुबह किशोर का शव नहर में मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और कार्रवाई की मांग की।
पनकी थाना प्रभारी दिनेश विश्व ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।---------------------

