बर्दवान, 17 मई (हि. स.)। आसनसोल के धरमपुर के दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र शेख हयान की शनिवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रिवरसाइड स्थित फुटबॉल मैदान की है।घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी पाकर स्थानीय विधायक तथा मंत्री
अग्निमित्रा पाल शनिवार शाम आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। रविवार को भी वह मृतक के घर पहुंचीं और परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
मीडिया से बात करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन और हीरापुर थाना प्रभारी से बात की है। उन्होंने सुझाव दिया कि खाली मैदानों और खुले क्षेत्रों में क्लबों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि बारिश और आंधी के दौरान बच्चे वहां खेलने न जाएं।
विधायक ने यह भी कहा कि कई बार प्रेमी जोड़े भी ऐसे खाली स्थानों पर जाते हैं, जो बारिश के समय बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है।
इसके अलावा उन्होंने दामोदर नदी में हाल ही में भाई-बहन की मौत की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अवैध खनन के कारण नदी का तल असमान हो गया है, जिससे खतरा बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश देने की बात कही कि नदी के खतरनाक क्षेत्रों (डेंजर जोन) को चिन्हित किया जाए।
उन्होंने कहा कि खतरनाक चिन्हित होने के बाद ही सुरक्षित क्षेत्रों (सेफ जोन) में लोगों को स्नान, धार्मिक कार्य या पर्यटन की अनुमति दी जाएगी, और इसके लिए प्रशासन उचित व्यवस्था करेगा।
---------------

