गुवाहाटी, 08 जुलाई (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख एवं विधायक मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने बुधवार को कांग्रेस पर ड्रग्स तस्करों का बचाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ कांग्रेस नेता स्वयं ड्रग्स के कारोबार में शामिल हैं। उन्होंने ड्रग्स की समस्या को ड्रग जिहाद करार देते हुए कहा कि इसी कारण कांग्रेस कथित ड्रग तस्करों के खिलाफ होने वाले एनकाउंटर का विरोध करती है।
असम विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए जाते समय मीडिया से बातचीत में अजमल ने कहा कि ड्रग्स का दुष्प्रभाव किसी एक समुदाय पर नहीं, बल्कि पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा, जब आग लगती है तो मंदिर और मस्जिद में कोई फर्क नहीं रहता, सब कुछ जल जाता है। उसी तरह ड्रग्स पूरे समाज को बर्बाद कर देता है।
अजमल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ लोग ड्रग्स के अवैध कारोबार में शामिल हैं और इसी वजह से पार्टी ड्रग तस्करों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और एनकाउंटर का विरोध कर रही है।
---------

