भड़काऊ बयान मामले में हुमायुं कबीर को पुलिस ने किया तलब
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
मुर्शिदाबाद, 30 जून (हि.स.)।
भड़काऊ टिप्पणी को लेकर ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ के चेयरमैन तथा नाओदा के विधायक हुमायूं कबीर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजा है। मंगलवार को पुलिस सीधे हुमायूं कबीर के घर पहुंची और नोटिस सौंपा। नोटिस में उन्हें आगामी तीन जुलाई को शक्तिपुर थाना और चार जुलाई को रेजिनगर थाना में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में रेजिनगर में आयोजित एक जनसभा में नाओदा विधायक के खिलाफ विवादित और कथित रूप से भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप लगा था। इसी मामले को लेकर शक्तिपुर और रेजिनगर थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इस घटना में पुलिस पहले ही सख्त कदम उठा चुकी है। जिस सभा में हुमायूं कबीर द्वारा विवादित बयान देने का आरोप है, उस सभा के तीन आयोजकों को पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया था। अब विधायक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
---------------

