बलिदान दिवस पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भाजपा की श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया माल्यार्पण

कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिन भर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता के लिए उनके योगदान को याद किया।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के केवड़ातला महाश्मशान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डॉ. मुखर्जी को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रखर समर्थक बताते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

बलिदान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के हाजरा मोड़ पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भी पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने भी केओड़ातला महाश्मशान पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पांजलि देकर डॉ. मुखर्जी के बलिदान को नमन किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रवाद, जनसेवा और देश की अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। पार्टी की ओर से बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

   

सम्बंधित खबर