रात 2 बजे बिजली स्टेशन पहुंचे विधायक, अधिकारियों की लगाई पाठशाला
- DSS Admin
- Jun 05, 2026
देवरिया, 05 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी, उमस और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी गुरुवार देर रात करीब दो बजे शहर के बिजली स्टेशन पहुंच गए। विधायक के औचक निरीक्षण से विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और शिकायत निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।
पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रहने, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। भीषण गर्मी के बीच रात में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर विधायक ने बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से विभिन्न फीडरों की स्थिति, बिजली कटौती के कारणों और आपूर्ति बहाल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों की जमकर पाठशाला लगाई और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक कटौती न की जाए तथा तकनीकी खराबी होने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

