विधायक श्याम लाल शर्मा ने पटोली ब्राह्मणा-संग्रामपुर सड़क परियोजना का किया शिलान्यास
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
जम्मू,, 03 जून (हि.स.)।
जम्मू नॉर्थ के विधायक श्याम लाल शर्मा ने आज पटोली ब्राह्मणा से संग्रामपुर तक सड़क के उन्नयन एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) योजना के तहत क्रियान्वित की जा रही है। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम लाल शर्मा ने कहा कि सड़कें विकास की जीवनरेखा होती हैं और इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के किसी भी हिस्से को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा तथा विकास कार्यों को योजनाबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नाबार्ड जैसी योजनाओं के तहत मिलने वाली निधियों का उपयोग पूरी जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच विकास की खाई को कम किया जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और परियोजना शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुरेश खजूरिया, मंडल अध्यक्ष पंकज पड़ा, विजय शर्मा, पवन शर्मा, पूरन सिंह, उत्तम चंद, आरएंडबी विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंता शंभू नाथ सहित कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

