भाजपा विधायक सुब्रत माइती का व्हाट्सएप हैक, रुपये मांगकर ठगी का प्रयास
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
तमलुक, 08 जुलाई (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के पूर्व पांशकुड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुब्रत माइती का मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप खाता हैक कर उनके परिचितों से रुपये मांगकर ठगी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विधायक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की और निमतौड़ी स्थित जिला साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने बताया कि बुधवार दोपहर लगभग दो बजे उनके पास परिचितों के लगातार फोन आने लगे। तब उन्हें जानकारी मिली कि उनके व्हाट्सएप खाते से अनेक लोगों को रुपये भेजने के लिए संदेश भेजे गए हैं। यह संदेश नेताओं, परिचितों तथा उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान के कर्मचारियों तक भी पहुंचे। संदेश हिंदी भाषा में अंग्रेजी लिपि में लिखे गए थे और तीन हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक की मांग की गई। कई लोगों को भुगतान के लिए क्यूआर कोड भी भेजा गया।
विधायक के अनुसार, कुछ लोगों ने संदेश को सही मानकर रुपये भी भेज दिए, जबकि कई लोगों ने संदेह होने पर उनसे संपर्क कर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने समाज माध्यम के जरिए लोगों को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करने तथा ऐसे संदेशों से सावधान रहने की अपील की।
घटना के बाद बुधवार शाम विधायक ने निमतौड़ी स्थित जिला साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस मामले में कुंदन कुमार नामक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है, जिसका संबंध बिहार से बताया जा रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सम्बित पात्रा, दीपक बर्मन तथा अजय कुमार पोद्दार के व्हाट्सएप खातों से भी इसी प्रकार की साइबर ठगी के प्रयास के मामले सामने आ चुके हैं। उन मामलों में भी संबंधित लोगों ने जनता को सतर्क रहने की अपील करते हुए साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
---------------

