सुशासन तिहार : 62 ग्रामीणों को बांटे गए मनरेगा जॉब कार्ड

सुशासन तिहार

बलरामपुर/सूरजपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत सूरजपुर जिले में शुक्रवार को 62 ग्रामीणों को मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया गया। कलेक्टर एस.जयवर्धन के निर्देशन में जिला प्रशासन जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है। जिले की विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के निवासियों ने सुशासन तिहार के दौरान मनरेगा जॉब कार्ड के लिए आवेदन किए थे। जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू के मार्गदर्शन में इन आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों को समय पर मनरेगा जॉब कार्ड उपलब्ध करा दिए हैं। यह पहल ग्रामीणों को रोजगार के क्षेत्र में सशक्त बनाएगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने में मदद करेगी। वहीं, जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कचरा संग्रहण का कार्य कर रही हैं। ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। स्कूल, आंगनबाड़ी, पर्यटन स्थल और धार्मिक स्थलों से नियमित कचरा एकत्र किया जा रहा है। भैयाथान की ग्राम पंचायत पहाड़ अमोरनी में स्थित सारासोर में अर्चना स्वयं सहायता समूह कार्यरत है। जनपद सूरजपुर के ग्राम पंचायत तेलाई कछार के केनापारा में संगवारी स्वयं सहायता समूह काम कर रहा है।

तिलसीवां में दुर्गा स्वयं सहायता समूह और जनपद प्रतापपुर की ग्राम पंचायत शिवपुर में गंगा स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। इन समूहों की महिलाएं न केवल कचरा संग्रहण कर रही हैं, बल्कि ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। कलेक्टर एस. जयवर्धन और जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिन साहू के इस पहल से गांव और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता में सुधार हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर