ई-रिक्शा में बैठते ही बुजुर्ग बन जाते थे शिकार, शातिर दंपती गिरफ्तार

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। पश्चिमी जिला पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों, खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपित यात्रियों के बैग ब्लेड से काटकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 90 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 25 वर्षीय सुरेश और उसकी 22 वर्षीय पत्नी रजनी उर्फ अंजलि के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक, 14 मई को कीर्ति नगर निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति ने मोती नगर थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 13 मई को उसने शिवाजी मार्ग स्थित जगुआर शोरूम के पास से फन सिनेमा रेड लाइट तक जाने के लिए एक ई-रिक्शा किराए पर लिया था। उसके पास एक छोटा बैग था, जिसमें एक लाख रुपये नकद रखे हुए थे। गंतव्य पर पहुंचने के बाद जब उसने बैग देखा तो वह कटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। मामले में मोती नगर थाने में ई-एफआईआर संख्या 80039341/2026 के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजेंद्र, एएसआई दीपक, हेड कांस्टेबल पवन, कांस्टेबल चंदर प्रकाश और महिला कांस्टेबल ज्योति की टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा की पहचान कर ली गई। तकनीकी निगरानी और लगातार छानबीन के बाद पुलिस ने सुरेश और उसकी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे ई-रिक्शा में सफर करने वाले बुजुर्ग यात्रियों को निशाना बनाते थे। सफर के दौरान चुपके से उनके बैग काटकर नकदी और कीमती सामान निकाल लेते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की 90 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर