भिंड में हनी-ट्रैप का मामला, बुजुर्ग को झूठे केस में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

भिंड, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में हनी-ट्रैप का मामला सामने आया है। आरोपी लोगों को निशाना बनाकर उन्हें झांसे में लेते थे। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की वसूली करते थे। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

भिंड के देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत दिवस (27 मई) एक किसान ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मई को वह भिण्ड बाजार से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे एक महिला मिली, जिसने पैर में दर्द होने का बहाना बनाकर घर तक छोड़ने की मदद मांगी। फरियादी महिला को उसके घर छोड़ने पहुंचा, जहां महिला ने चाय पीने का दबाव बनाकर उसे घर के अंदर बुला लिया।

थाना प्रभारी राजावत ने बताया कि यह पूरी साजिश पहले से रची गई थी। घर में पहले से मौजूद गैंग के सदस्यों ने फरियादी का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने, झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर किसान से सात लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने तत्काल पांच हजार रुपये वसूल लिए और शेष रकम खेत बेचकर देने का दबाव बना रहे थे। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/26 के तहत धारा 308(5), 308(6), 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हजूरीपुरा रोड क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी राजावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सपना (35) नगर पत्नी बबलू नगर निवासी गौशाला के पास जोशी नगर भिण्ड, बबलू उपाध्याय (50) पुत्र अशोक उपाध्याय वर्ष निवासी महावीर नगर भिण्ड, अखिलेश बघेल (26) पुत्र कल्याण बघेल निवासी हजूरीपुरा भिण्ड तथा ममता बघेल (32) पत्नी किशोर बघेल निवासी कृष्णा नगर हजूरीपुरा रोड भिण्ड शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग ने अन्य लोगों को भी इसी प्रकार अपना शिकार बनाया है या नहीं। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान में भी जुटी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर