सिलीगुड़ी, 18 मई (हि.स.)। नक्सलबाड़ी क्षेत्र में नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान तारित घोष के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग लड़की रविवार को कॉस्मेटिक सामान खरीदने के लिए दुकान पर गई थी, जहां कथित तौर पर दुकानदार ने उसे अकेला पाकर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया।
घटना के बाद पीड़िता ने घर जाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजनों ने नक्सलबाड़ी थाने में देर शाम लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।

