(अपडेट)मप्र के इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका व्यापार और निवेश फोरम 2026 का भव्य शुभारंभ
- DSS Admin
- Jun 06, 2026


- 15 देशों के राजदूत और निवेशक हुए शामिल
इंदौर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन (एलएसी) व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 15 देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और प्रतिनिधियों सहित 350 से अधिक निवेशक, उद्योगपति, निर्यातक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित इस महत्वपूर्ण फोरम का मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर की नगरी इंदौर में इस महत्वपूर्ण आयोजन का होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मालवा क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक संभावनाओं और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के कारण वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और ऐसे समय में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों का मध्य प्रदेश में आना प्रदेश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। मध्य प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश केंद्रों में शामिल है। यहां निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है।
उन्होंने कहा कि भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। ब्राजील, मेक्सिको, चिली, अर्जेंटीना, पेरू और कोलंबिया जैसे देशों की सक्रिय भागीदारी इस बात का संकेत है कि मध्य प्रदेश अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की पसंद बन रहा है। उन्होंने कृषि, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, डिजिटल टेक्नोलॉजी, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और विनिर्माण क्षेत्रों में साझेदारी की व्यापक संभावनाओं पर जोर दिया।
फिलहाल कार्यक्रम जारी है। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों द्वारा निवेश प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही व्यापार एवं निवेश के अवसरों, विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग तथा सेवा क्षेत्र में निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पैनल होंगे। विनिर्माण क्षेत्र से संबंधित चर्चा में औषधि, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र शामिल रहेंगे, जबकि सेवा क्षेत्र की चर्चा में सूचना-प्रौद्योगिकी, पर्यटन, फिनटेक तथा शिक्षा क्षेत्र में सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। फोरम में उद्योगों और निवेशकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने के लिए बी2बी और बी2जी बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा।
---------------

