
सावित्री जिंदल व नवीन जिंदल ने दिखाई ट्रेन को हरी झंडीहिसार, 17 मई (हि.स.)। हरियाणा के गठन के 59 वर्षों बाद हिसार को उसकी राजधानी चंडीगढ़ से पहली बार सीधी रेल सेवा का उपहार मिला है। शनिवार का दिन हिसार के इतिहास में गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक बना जब हिसार की विधायक सावित्री जिंदल और कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने संयुक्त रूप से दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इन ट्रेनों में से एक सीधी ट्रेन हिसार से चंडीगढ़ के लिए है जबकि दूसरी ट्रेन हिसार से रेवाड़ी के लिए चलेगी, जो आगे गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए भी सुविधा का माध्यम बनेगी। इस मौके पर हिसार रेलवे स्टेशन पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। स्टेशन को फूलों और रंगीन झंडियों से सजाया गया था और वातावरण पूरी तरह उत्सवमय था।यह सीधी ट्रेन सेवा सिर्फ एक नई यात्रा नहीं, बल्कि हिसार के लोगों के लिए वर्षों पुराने एक सपने का साकार होना है। वर्ष 1966 में जब हरियाणा अस्तित्व में आया, तभी से यह मांग उठती रही कि हिसार को राजधानी चंडीगढ़ से सीधे जोड़ा जाए। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। हिसार की विधायक सावित्री जिंदल और सांसद नवीन जिंदल ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और केंद्र सरकार व रेलवे मंत्रालय के समक्ष बार-बार इसे प्रमुखता से रखा। उनके निरंतर प्रयास, जनभावनाओं की गहराई को समझने की क्षमता और दृढ़ संकल्प के चलते ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो पाई।इस अवसर पर विधायक सावित्री जिंदल ने रेल मंत्रालय, बीकानेर रेल मंडल के डीएम और स्थानीय रेलवे अधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रेल सेवा नहीं, बल्कि हिसार की तरक्की की दिशा में एक बड़ी छलांग है। ये ट्रेनें हमारे युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक, सुलभ और सस्ती यात्रा का नया विकल्प प्रदान करेंगी। सावित्री जिंदल ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य रेल मार्ग को अग्रोहा से जोड़ना है। सांसद नवीन जिंदल ने भी इस कदम को जनता को समर्पित विकास का परिणाम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में और भी कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स पर काम किया जाएगा ताकि हिसार को रेलमार्ग द्वारा हर कोने से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि हिसार से चंडीगढ़ और गुरुग्राम के लिए शुरू की गई ये नई रेल सेवाएं न सिर्फ भौगोलिक दूरी को पाटेंगी, बल्कि विकास और संभावनाओं की नई राह भी खोलेंगी। यह पहल आने वाले समय में हिसार और पूरे हरियाणा को तेज़ रफ्तार विकास की दिशा में अग्रसर करने में एक मजबूत कड़ी साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर